August 13, 2026

Connect with Us

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Blog

जांजगीर-चांपा, 12 अगस्त 2026। कलेक्टर  जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस 2026 को जिले में प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ विशेष रूप से मनाया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार जांजगीर-चांपा जिले की ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों के तट पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन सरोवरों के तट पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों में जल संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही सतत आजीविका गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
समारोह के दौरान ध्वजारोहण एवं तिरंगा यात्रा, अमृत सरोवर परिसर में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान, जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा देशभक्ति गीत, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
अमृत सरोवर स्थलों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिवार के सदस्यों अथवा पुरस्कार विजेता/ग्राम पंचायत के विशिष्ट नागरिकों को आमंत्रित कर सम्मानित किए जाने की पहल भी की जाएगी।
ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी व्यापक रूप से पहुंचाया जाएगा।