4 घंटे बाद समाप्त हुआ चक्काजाम, हरिचरण प्रधान मौत मामले में मुआवजे पर बनी सहमति
जांजगीर–चांपा : नेता जी फर्नीचर में काम करने वाले युवक हरिचरण प्रधान की मौत के बाद जांजगीर में करीब 4 घंटे तक चला चक्काजाम आखिरकार समाप्त हो गया। मृतक के परिजन सड़क पर शव रखकर मुआवजे की मांग कर रहे थे, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था।जानकारी के अनुसार जांजगीर थाना क्षेत्र के खोखसा गांव निवासी हरिचरण प्रधान काम के दौरान सीढ़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए चांपा स्थित नायक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से लगातार समझाइश की। काफी देर चली बातचीत के बाद मुआवजे को लेकर सहमति बनी।समझौते के तहत फर्नीचर संचालक द्वारा मृतक के बच्चों के खाते में 8 लाख रुपये की एफडी कराई जाएगी, वहीं परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये नगद सहायता दी गई है। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त किया।
चक्काजाम हटते ही यातायात सामान्य हो गया और प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
