- पूर्व में सड़क सुरक्षा मितानों के सम्मेलन के दौरान मदद करने वाले तीनों व्यक्तियों को तत्कालीन IGP बिलासपुर रेंज एवं SP जांजगीर चांपा द्वारा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित भी किया गया था
जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र का मामला सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद कर उसकी जान बचाने वाले बम्हनडीह क्षेत्र के तीन नागरिकों को राहवीर योजना (गुड सेमरिटन) के तहत ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में गेंद राम पटेल (निवासी पुछेली), देवेंद्र कुमार वैष्णव (निवासी पुछेली) एवं गोपाल प्रसाद पटेल (निवासी पीपरदा) शामिल हैं। तीनों ने मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया।
घटना 04 जून 2025 की रात्रि की है। पीपरदा पुल के पास एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। तीनों नागरिकों ने बिना देर किए तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर उपचार मिल सका और उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने तीनों मददगारों के कार्य की सराहना करते हुए उनका नाम राहवीर योजना (गुड सेमरिटन) के अंतर्गत सम्मानित किए जाने हेतु जिला कलेक्टर, जांजगीर -चांपा के माध्यम से परिवहन आयुक्त, रायपुर को प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव के अनुमोदन उपरांत तीनों नागरिकों को ₹25,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई।
अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता करने से न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है, बल्कि राहवीर योजना (गुड सेमरिटन) के अंतर्गत ऐसे मददगारों को शासन द्वारा सम्मानित भी किया जाता है। यह सम्मान समाज में मानवता, संवेदनशीलता और सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश का प्रतीक है।
