खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में उपार्जित धान एवं धान बीज के लिए किसानों को मिलेगी आदान सहायता राशि*
सक्ती, 13 नवम्बर 2026// कृषक उन्नति योजना अंतर्गत राज्य शासन द्वारा कृषि में पर्याप्त निवेश एवं लागत में राहत देने के उद्देश्य से खरीफ 2026 में बोए गए धान से विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड द्वारा उपार्जित धान तथा बीज निगम द्वारा उपार्जित धान बीज से संबंधित बोए गए रकबे हेतु प्रति एकड़ समान रूप से आदान सहायता राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया है। योजनांतर्गत केवल उपार्जित धान एवं धान बीज हेतु कृषकों को आदान सहायता राशि दिए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
योजनांतर्गत किसानों को शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 3,100 रुपए प्रति क्विंटल भुगतान किए जाने का प्रावधान है, जबकि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है। इस प्रकार दोनों के अंतर की राशि 659 रुपए प्रति क्विंटल होती है। शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान उपार्जन किए जाने का प्रावधान है। इस प्रकार अंतर की राशि 659 रुपए × 21 क्विंटल = 13,839 रुपए प्रति एकड़ किसानों को आदान सहायता राशि के रूप में भुगतान की जाएगी। कृषक योजना से संबंधित किसान अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र की समितियों, क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
योजना का उद्देश्य फसल क्षेत्राच्छादन, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना, फसल की लागत में कमी लाकर कृषकों की आय में वृद्धि तथा उनके सामाजिक स्तर में सुधार करना है। इसके साथ ही कृषकों द्वारा उन्नत बीज, समन्वित पोषक प्रबंधन, एकीकृत नाशजीव प्रबंधन एवं कृषि यांत्रिकीकरण सहित नवीन कृषि तकनीकी में निवेश को प्रोत्साहित करना तथा बाजारोन्मुखी फसल विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए कृषि को लाभ के व्यवसाय के रूप में पुनर्स्थापित करना है।
खरीफ वर्ष 2026-27 में खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत ऐसे कृषक, जिन्होंने मार्कफेड द्वारा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से धान उपार्जन कराया हो अथवा छत्तीसगढ़ बीज एवं प्रमाणिकरण संस्था में धान बीज उत्पादन हेतु पंजीकृत होकर निगम द्वारा बीज उपार्जन कराया गया हो, योजना के पात्र होंगे। इसके लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य है। कृषक के बोए गए रकबे में डिजिटल क्रॉप सर्वे में रकबे की पुष्टि होना आवश्यक है। खरीफ वर्ष 2026 में बोए गए रकबे में उपार्जन वर्ष 2026-27 में उपार्जन उपरांत ही सहायता राशि देय होगी।
