संविधान की प्रस्तावना का होगा सामूहिक वाचन, जल संरक्षण एवं स्वच्छता का लिया जाएगा संकल्प*
जांजगीर-चांपा, भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में जिले के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा। कलेक्टर श जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में यह आयोजन होगा। इस संबंध में जनपद पंचायत सीईओ एवं कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में युवाओं, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, विकसित भारत–जी राम जी के श्रमिकों, स्व-सहायता समूहों तथा आजीविका दीदियों की सहभागिता रहेगी। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर उद्बोधन तथा जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही अमृत सरोवरों के आसपास स्वच्छता अभियान, खरपतवार हटाने, गाद निकासी एवं पौधरोपण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
