जांजगीर जिले के आदर्श ग्राम केरा निवासी इंडियन आर्मी सिग्नल रेजीमेंट में पदस्थ जवान दुर्गेश कुमार साहू का ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से निधन हो गया है। यह घटना तब हुई जब जवान की शादी को महज़ डेढ़ साल हुए थे और सात दिन पहले ही उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। जवान के निधन से पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, ग्राम केरा निवासी दुर्गेश कुमार साहू भारतीय सेना की 41 नेटवर्क सिग्नल रेजीमेंट में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि 16 सितंबर को उन्हें दौड़ते समय अचानक हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ स्थित कमांड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां लगातार उपचार के बावजूद उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। आखिरकार, 28 सितंबर को सुबह उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर से परिवार सदमे में है। जवान दुर्गेश की मां और परिवार के अन्य सदस्य पुत्र प्राप्ति के चलते पहले से ही लखनऊ में मौजूद थे। शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर 1 बजे तक उनके गृहग्राम केरा लाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जवान के असामयिक निधन से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
