दीपावली से पहले मिली राशि ने बढ़ाई खुशियों की रौशनी
सक्ति, 13 अक्टूबर 2025// मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में खुशहाली और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रही है। दीपावली से पूर्व योजना की 20वीं किश्त जारी होने से प्रदेशभर की महिलाओं के चेहरों पर प्रसन्नता झलक उठी है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को हर माह 1000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में सक्ती जिले की ग्राम पंचायत टेमर निवासी श्रीमती रजनी कुम्हार भी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित होकर अपने परिवार के जीवन में उजाला भर रही हैं। पहले जहां रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब योजना से मिलने वाली राशि ने उनके जीवन में स्थिरता और आत्मविश्वास का संचार किया है। श्रीमती रजनी ने बताया कि योजना से हर माह मिलने वाले 1000 रुपए से उन्हें न केवल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि उन्होंने इस राशि का सदुपयोग घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ अपने पति श्री पीताम्बर कुम्हार के सहयोग से मिट्टी के दीये, मटके, घड़े, कलश, सुराही और अन्य मिट्टी के उपयोगी बर्तन बनाने के कार्य में किया है। दीपावली के अवसर पर वे प्रतिदिन लगभग 2000 से 2500 दीये तैयार कर रहे हैं, जिससे अच्छी आय प्राप्त होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि योजना से प्राप्त राशि से कच्चा माल खरीदा, जिससे उनके उत्पादन और बिक्री दोनों में वृद्धि हुई है। महतारी वंदन योजना ने न केवल श्रीमती रजनी जैसी महिलाओं को आर्थिक सहारा प्रदान किया है, बल्कि उन्हें अपने पारंपरिक कौशल को सहेजते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी है। श्रीमती रजनी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और समृद्धि के लिए यह योजना एक सशक्त कदम साबित हो रही है।
