जांजगीर नैला नगर पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, पार्षदों ने किया घेराव – अध्यक्ष और पति पर कमीशनखोरी के आरोप
जांजगीर नैला नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आज कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया। कांग्रेसी पार्षदों ने स्थानीय विधायक व्यास कश्यप के साथ नगर पालिका का घेराव कर जमकर नारेबाज़ी की।
कांग्रेसी पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवागढ़ेवाल और उनके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका में काम दिलाने के नाम पर पैसे का लेनदेन किया जा रहा है।
साथ ही आवश्यक वस्तुओं को कई गुना अधिक कीमत पर खरीदा जा रहा है।
पार्षदों का कहना है कि अब तक हुई खरीदी की जानकारी जनप्रतिनिधियों से छुपाई जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि सूचना के अधिकार के माध्यम से सारी जानकारी जुटाकर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
कांग्रेसी पार्षदों ने बताया कि बीजेपी की रेखा देवागढ़ेवाल को अध्यक्ष बने 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक नगर में एक भी नया विकास कार्य शुरू नहीं हुआ है।
पूर्व स्वीकृत कार्यों में भी कमीशन लेकर काम कराया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष प्रिंस शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में सफाई, लाइट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को रोक दिया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका में हुई सामग्रियों की खरीदी की जानकारी छुपाई जा रही है, जिसे आरटीआई के जरिए जनता के सामने लाया जाएगा।
इस आंदोलन में विधायक व्यास कश्यप ने भी हिस्सा लिया।
उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
व्यास कश्यप ने कहा कि जब से बीजेपी की अध्यक्ष पद संभाली है, तब से कमीशन का खेल शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा जांजगीर प्रवास के दौरान की गई ढाई-ढाई करोड़ रुपए की घोषणा पर अब तक कोई पहल नहीं की गई है, और अध्यक्ष केवल ऊपर के निर्देशों पर काम करती हैं।
विधायक ने नगर विकास के मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाने की चेतावनी दी है।
नगर पालिका में अधिकारियों और अध्यक्ष की मनमानी से नाराज कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने नगर के सभी वार्डों में विकास कार्य कराने के साथ-साथ झाड़ू, फिनायल और सफाई सामग्री की खरीदी की जांच की मांग की है।
