जांजगीर-चांपा, 05/11/25
छत्तीसगढ़ के नेता एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जाँजगीर जिला बैठक प्रभारी डॉ. संजय कुमार ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत गतौरा स्टेशन के पास मंगलवार को हुई मेमू ट्रेन और मालगाड़ी की भीषण टक्कर पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में हताहत यात्रियों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने बताया की छतीसगढ़िया क्रांति सेना के सेनानियों ने कल घटना स्थल पर पहुंचकर सबकी मदद की
डॉ. संजय कुमार ने रेल प्रशासन से मांग की है कि इस दुर्घटना में प्रभावित यात्रियों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए तथा हादसे की जिम्मेदारी तय कर वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि गतौरा के पास हुई यह दुर्घटना एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मेमू ट्रेन का मालगाड़ी पर चढ़ जाना गम्भीर लापरवाही का प्रतीक है — यह मानवीय त्रुटि है या सिस्टम की खामी, इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। डॉ. कुमार ने कहा कि इस हादसे के लिए जवाबदेही तय करना और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करना आवश्यक है।
उन्होंने देशभर में लगातार हो रही रेल दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और रेलवे प्रशासन यात्री सुरक्षा की उपेक्षा कर केवल माल परिवहन और कोयला ढुलाई पर केंद्रित है। डॉ. संजय कुमार ने कहा, “रेलवे अगर आज किसी चीज में रिकॉर्ड बना रहा है तो वह है — दुर्घटनाओं का। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए, न कि केवल आर्थिक मुनाफा।”
उन्होंने मांग की कि रेल मंत्रालय व वरिष्ठ अधिकारी देशभर में हो रही दुर्घटनाओं की व्यवहारिक व प्रायोगिक समीक्षा कर ठोस समाधान निकालें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों।
