जांजगीर-चांपा 06 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य गठन की रजत जयंती के अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा विभागीय गतिविधियों के विशेष सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत 02 से 09 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि इसी क्रम में रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, निगरानी समिति के सदस्यों, दुकान संचालकों एवं हितग्राहियों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्सव के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने का संदेश दिया गया। विशेष सप्ताह के अंतर्गत शेष राशन कार्ड धारियों एवं हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सभी पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही सभी उचित मूल्य दुकानों में प्रदर्शित सूचना बोर्ड, स्टॉक पंजी, वितरण पंजी एवं चावल उत्सव पंजी को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता बनी रहे। आज जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकान अवरीद (आईडी क्रमांक 542001009) में छत्तीसगढ़ रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन किया गया।
