जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित चोरभट्टी (पंजीयन क्रमांक 1038) में धान खरीदी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जांजगीर-चांपा कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि धान खरीदी नोडल अधिकारी एवं पटवारी की अनिवार्य उपस्थिति में की जाए, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है।
शुक्रवार को दोपहर लगभग 1 बजे तक समिति परिसर में न तो कोई नोडल अधिकारी मौजूद था, न ही पटवारी। इसके बावजूद धान खरीदी जारी रही। हैरानी की बात यह रही कि खरीदी की पूरी जिम्मेदारी हमालों के भरोसे छोड़ी गई थी, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जब इस संबंध में खरीदी प्रभारी धीरेन्द्र कौशिक से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। समिति में उस समय न प्रबंधक उपस्थित था, न फड़ प्रभारी, और न ही प्रशासन की ओर से नियुक्त कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नजर आया।
ऐसे में सवाल यह उठता है कि बिना अधिकारियों की मौजूदगी में की जा रही धान खरीदी आखिर कितनी पारदर्शी और भरोसेमंद है? अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है
