सक्ती, 03 मई 2026 // कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन खनिज विभाग, राजस्व विभाग, उड़नदस्ता एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ निरीक्षण कर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील भोथिया अंतर्गत ग्राम हरदी स्थित बोरई नदी में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर जांच की गई। जांच के दौरान मौके पर ट्रैक्टर क्रमांक सीजी11डी2863, महिंद्रा सोल्ड एवं एक जेसीबी वाहन क्रमांक सीजी11बीएल4874 अवैध रूप से रेत उत्खनन करते पाए गए। कार्यवाही के दौरान दोनों ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर के साथ मौके से फरार हो गए, जबकि जेसीबी वाहन को मौके पर जब्त कर लिया गया। जेसीबी वाहन के स्वामी गजपति पाटले मौके पर उपस्थित पाए गए, लेकिन उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जप्त जेसीबी वाहन को थाना सक्ती में सुपुर्द किया गया। जांच दौरान तहसीलदार भोथिया, प्रभारी राजस्व निरीक्षक विशेश्वर सिंह सिदार, पटवारी विनोद कुमार डाहिरे (हल्का नंबर 04), पटवारी विनोद कुमार यादव, राजस्व निरीक्षक धनेश कुर्रे तथा ग्राम कोटवार रायपुरा एवं हरदी उपस्थित रहे। जब्त वाहनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी रखते हुए ऐसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अवैध खनन पर पूर्णतः नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
