सक्ती, 04 मई 2026// छत्तीसगढ़ शासन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के आदेश के परिपालन में “सही दवा–शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान दिनांक 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक चलाया जा रहा है। इस अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन एवं अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा के नेतृत्व में कार्यवाही कर रहे हैं। इसी क्रम में संयुक्त जांच दल द्वारा विगत दिवस सक्ती में विभिन्न रेस्टोरेंट एवं भोजनालयों का निरीक्षण किया गया। जिसके तहत मारवाड़ी भोजनालय, ज़ोरको केफे, अभिलाषा रेस्टोरेंट, साजन होटल एवं होटल हिमालय की जाँच की गयी तथा सभी को साफ़ सफाई का विशेष ध्यान रखने एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमो का पालन करने का निर्देश दिया गया इसी प्रकार जाँच दल द्वारा सक्ती शहर के विभिन्न बेकरीयों का निरिक्षण किया गया। नटराज बेकरी, संगीता स्वीट्स एंड बेकरी, टेस्टी टेल्स में पानी जाँच रिपोर्ट, मेडिकल जाँच रिपोर्ट तथा पेस्ट कण्ट्रोल सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया। संयुक्त जाँच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य व निखिलेश साहू के साथ सक्ती पुलिस प्रशासन शामिल रहे। इसी प्रकार इस अभियान में औषधि विभाग के द्वितीय चरण में औषधि प्रकोष्ट की टीम द्वारा जिला सक्ती में जिला कोल्ड चैन स्टोर एवं बाराद्वार अस्पताल में संचालित वैक्सीन सेण्टर का निरिक्षण किया गया। अस्पतालों में वैक्सीन के रख रखाव एवं अभिलेखों का परीक्षण किया गया एवं साफ़ सफाई, पावर बेक-अप सम्बन्धी आवश्यक निर्देश दिए गये। इस दल में जिला सहायक संचालक पियूष जायसवाल, और औषधि निरीक्षक दुर्गेश कैवर्त व भुनेश्वर मोहले उपस्थित रहे।
