जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद जांजगीर-चांपा, 08 मई 2026/ कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज शिवरीनारायण के सत्संग भवन में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि समारोह में परियोजना नवागढ़ एवं परियोजना जांजगीर के कुल 23 जोड़ों का विवाह पूर्ण विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 22 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा 01 जोड़े का विवाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को गरिमामय वैवाहिक आयोजन का लाभ मिला। विवाह सम्पन्न होने के पश्चात सभी नवदंपतियों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर विधायक पामगढ़ श्रीमती शेषराज हरबंश, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यालता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू, श्रीमती नेहा साहू, राजेश्री महंत डॉ. रामसुंदर दास, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, उपाध्यक्ष श्रीमती सरस्वती साहू, मयंक परमहंस सहित पार्षदगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
