नए तालाबों से संवरेगा भंवतरा के ग्रामीणों का भविष्य, जल संरक्षण के साथ रोजगार के मिलेंगे अवसर जांजगीर-चांपा 08 मई 2026। जिले के पामगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भवतरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत नया तालाब नवा तरिया अर्थात नए तालाब का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। ग्रामीण श्रमिक नियमित रूप से तालाब निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। वर्तमान में श्रमिक प्रतिदिन कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिले में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नए तालाबों के निर्माण और पुराने तालाबों के पुनरुद्धार का कार्य किया जा रहा है। यह पहल जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका को भी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। ग्रामीणों में तालाब निर्माण को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इसे गांव के सुनहरे भविष्य की नींव मान रहे हैं। नवा तरिया योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल जल संरचनाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे जल उपलब्धता बढ़ेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। तालाब निर्माण कार्य केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है। मनरेगा के तहत इस प्रकार के कार्यों से मानव दिवस का सृजन हो रहा है, जिससे श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है। भंवतरा में निर्माणाधीन यह तालाब आगामी बारिश के दिनों में जल संचय का प्रभावी माध्यम बनेगा, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे खेती-किसानी को नया आधार मिलेगा तथा गांव की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा के माध्यम से गांव में लगातार विकास कार्य किये जा रह है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तैयार हुए है। यह नवा तरिया केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण विकास की नई सोच का प्रतीक बनकर उभर रहा है।
