सेवा संकल्प अभियान : कहानी बदलाव की
धान से सब्जी उत्पादन की ओर बढ़े किसान लक्ष्मीनारायण साहू, 0.800 हेक्टेयर में कमाया 4.30 लाख रुपये का शुद्ध लाभ
सक्ती, सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओ से लोगों के जीवन मे आ रहे बदलाव की कहानिया सामने आ रही है। सक्ती जिले के विकासखण्ड सक्ती के ग्राम नगरदा निवासी किसान लक्ष्मीनारायण साहू ने उद्यान विभाग अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय कृषि विकास योजना का लाभ लेते हुए परंपरागत धान की खेती से आगे बढ़कर ग्राफ्टेड बैंगन एवं अन्य सब्जियों की खेती अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है। उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और शासकीय योजना के सहयोग से उन्होंने अपनी 0.800 हेक्टेयर भूमि में उद्यानिकी खेती को अपनाया और लगभग 4.30 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। लक्ष्मीनारायण साहू पूर्व में 0.800 हेक्टेयर भूमि में धान की खेती करते थे। इससे उन्हें लगभग 54 क्विंटल धान प्राप्त होता था, जिसकी बिक्री से 1.67 लाख रुपये की आय होती थी। खेती में लगभग 60 हजार रुपये की लागत आने के बाद उन्हें करीब 1.07 लाख रुपये की बचत होती थी। सीमित आय को देखते हुए उन्होंने कृषि में नई संभावनाएं तलाशने का निर्णय लिया। वर्ष 2025-26 में उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी डोड़की में उद्यान विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। विभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें उद्यानिकी फसलों एवं उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। इसी दौरान उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत ग्राफ्टेड बैंगन की खेती के बारे में जानकारी प्राप्त की और इसे अपनाया। योजना के तहत उन्हें 30 हजार रुपये का विभागीय अनुदान भी प्राप्त हुआ। ग्राफ्टेड बैंगन एवं अन्य सब्जियों की खेती का परिणाम उत्साहजनक रहा। उसी 0.800 हेक्टेयर भूमि से उन्हें लगभग 700 क्विंटल सब्जियों का उत्पादन प्राप्त हुआ। औसतन 10 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय करने पर लगभग 7 लाख रुपये की बिक्री हुई। इनपुट, श्रमिक एवं अन्य खर्चों सहित कुल 2.70 लाख रुपये की लागत के बाद उन्हें लगभग 4.30 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। किसान लक्ष्मीनारायण साहू ने बताया कि “उद्यान विभाग के मार्गदर्शन और शासकीय योजना का लाभ लेकर ग्राफ्टेड बैंगन एवं अन्य सब्जियों की खेती अपनाई। इससे मेरी आमदनी बढ़ी और खेती से जुड़ी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई।” सब्जी की खेती करने से उनकी आय में 2-3 गुना वृद्धि हुई एवं आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। साहू की सफलता यह दर्शाती है कि फसल विविधीकरण, उन्नत तकनीक और शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर किसान सीमित भूमि में भी बेहतर कृषि आय प्राप्त कर सकते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य किसानों में भी उद्यानिकी एवं सब्जी उत्पादन के प्रति रुचि बढ़ रही है।
