कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी जन्मेजय महोबे, जिला जनगणना अधिकारी संदीप ठाकुर तथा अनुविभागीय चार्ज अधिकारी पवन कोसमा के मार्गदर्शन में तहसील बम्हनीडीह (ग्रामीण) द्वारा भारत सरकार की डिजिटल जनगणना 2027 अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करते हुए लगभग संपूर्ण HLB कार्य पूर्ण कर लिया गया है। तहसील द्वारा अल्प समय में 101 में से 100 HLB पूर्ण कर जनगणना कार्य में जिले की अग्रणी तहसीलों में स्थान प्राप्त किया गया है।
भारत सरकार द्वारा संचालित डिजिटल जनगणना 2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक मकान, परिवार एवं निवासीय इकाई का डिजिटल रूप से सर्वेक्षण एवं सूचीकरण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में प्रत्येक प्रगणक को निर्धारित House Listing Block (HLB) आवंटित किया जाता है, जिसमें घर-घर जाकर मकानों, परिवारों, निवासीय स्थिति, उपयोग, लॉक/वैकेंट मकान सहित विभिन्न जानकारियों का संकलन किया जाता है। उक्त कार्य भविष्य की शासकीय योजनाओं, संसाधन वितरण, आधारभूत संरचना विकास, सामाजिक-आर्थिक योजना निर्माण एवं जनकल्याणकारी नीतियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
तहसील बम्हनीडीह द्वारा जनगणना कार्य के प्रारंभ से ही सतत मॉनिटरिंग, दैनिक समीक्षा, फील्ड निरीक्षण एवं तकनीकी समन्वय के माध्यम से कार्य को प्राथमिकता के साथ संचालित किया गया। प्रगणकों एवं प्रयवेक्षकों को नियमित रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा HLB आधारित प्रगति की निरंतर निगरानी की गई। जिन क्षेत्रों में प्रगति धीमी रही, वहां विशेष फील्ड विजिट कर कार्य में गति लाई गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता एवं समन्वय स्थापित कर जनसहयोग सुनिश्चित किया गया।
जनगणना कार्य की सफलता में प्रयवेक्षकों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही। उनके द्वारा नियमित फील्ड मॉनिटरिंग, डेटा परीक्षण, Supervisor Verification एवं प्रगणकों के कार्य का सतत पर्यवेक्षण किया गया, जिससे कार्य में गुणवत्ता एवं गति बनी रही। वहीं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रारंभिक प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, मोबाइल एप्लिकेशन संचालन, त्रुटि सुधार एवं फील्ड समस्याओं के निराकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। उनकी सक्रिय भूमिका के कारण मैदानी अमले को कार्य निष्पादन में निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ।
इसी क्रम में आज दिनांक 19.05.2026 को ग्राम बंसुला में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने निर्धारित HLB का 100% गुणवत्तापूर्ण मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण करने वाले प्रगणकों, प्रयवेक्षकों एवं मास्टर ट्रेनर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशस्ति पत्र का वितरण मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री गोकुल रावतें के करकमलों से किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जनगणना अमले के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें अनुकरणीय योगदान हेतु बधाई दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, जनगणना (ग्रामीण) श्री शशि भूषण सोनी द्वारा कहा गया कि जनगणना केवल एक सर्वेक्षण कार्य नहीं, बल्कि शासन की भविष्य की योजनाओं एवं विकासात्मक निर्णयों की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सीमित समय, तकनीकी चुनौतियों एवं मैदानी परिस्थितियों के बावजूद जनगणना अमले द्वारा अत्यंत समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया गया है। उन्होंने सभी प्रगणकों, प्रयवेक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स, तकनीकी सहायकों एवं जनगणना से जुड़े कर्मचारियों की सराहना करते हुए शेष Verification एवं गुणवत्ता परीक्षण कार्य भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारी श्री संजय बरेठ सहित राजस्व विभाग, जनगणना अमला एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। समारोह के दौरान प्रशस्ति पत्र वितरण कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया।
तहसील बम्हनीडीह द्वारा जनगणना कार्य में प्राप्त यह उपलब्धि प्रशासनिक नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग, टीमवर्क, तकनीकी समन्वय, मैदानी अमले की मेहनत एवं जनसहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।
