लखन कश्यप , जांजगीर टाइम न्यूज
जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में कथित फर्जीवाड़े का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। ग्राम पंचायत बरीडीह के आवास मित्र नवल प्रसाद बंजारे पर अधूरे मकानों को पूर्ण दिखाकर फर्जी जियोटैग करने और हितग्राहियों को पूरी किश्त की राशि दिलाने का गंभीर आरोप लगा है।
सूत्रों के मुताबिक इस मामले को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद 28 अप्रैल 2026 को जनपद पंचायत कोरबा द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित आवास मित्र ने प्रशासन के समक्ष कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। आरोप है कि जवाब देने के बजाय वह लगातार अधिकारियों को गुमराह करता रहा।
अब जनपद पंचायत ने स्मरण पत्र जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि दो दिवस के भीतर उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करें, अन्यथा एकतरफा कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक सख्ती के बाद अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों के बीच भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि गरीबों के आवास योजना में यदि इस तरह की गड़बड़ी हुई है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए
