जांजगीर-चांपा, 30 मई 2026/ कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। खनि अधिकारी ने बताया कि ग्राम आमोदी (खपरीडीह) में अवैध रूप से भंडारित रेत के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई जारी रखते हुए आज लगभग 100 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया। इसी क्रम में खनिज ,राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा ग्राम पीथमपुर-भादा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर संयुक्त जांच की गई।जांच के दौरान ग्राम भादा में नियमों के विपरीत चैन माउंट के माध्यम से रेत खनन किया जाना पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए 1 चैन मशीन को जब्त कर मौके पर ही सीलबंद किया। वहीं ग्राम देवरहा में भी अवैध रेत खनन में संलिप्त 1 अन्य चैन मशीन को सीलबंद करने की कार्रवाई की गई। उक्त दर्ज प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के प्रावधानों के तहत जांच कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
