जांजगीर-चांपा, 21 जून 2026।
जांजगीर-चांपा जिले के उभरते हुए बाल खिलाड़ी अक्षत सोनी ने Sports Development Council of India (SDCI), Unit Chhattisgarh द्वारा International Olympic Day Celebration के अवसर पर आयोजित SDCI National Sports Championship 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कराटे प्रतियोगिता में पदक अर्जित कर जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में अक्षत ने कराटे की स्पर्धाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, खेल कौशल एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया। कम उम्र में राष्ट्रीय मंच पर प्राप्त यह उपलब्धि जांजगीर-चांपा जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
विशेष उल्लेखनीय है कि अक्षत ने हाल ही में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा आयोजित 21 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर वर्ष 2026-27 में कराटे का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इस शिविर में प्राप्त तकनीकी प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास एवं अनुशासित तैयारी ने अक्षत के प्रदर्शन को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह सफलता बताती है कि सही अवसर और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलने पर जिले के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं।
जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे (IAS) के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर महोबे के निर्देशन में बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने, प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अक्षत की यह उपलब्धि जिला प्रशासन की इसी खेल प्रोत्साहन पहल का सकारात्मक परिणाम है।
इस उपलब्धि में जिला खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से बच्चों को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग द्वारा खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के रूप में दिखाई दे रहा है।
अक्षत की सफलता के पीछे उनके कराटे प्रशिक्षक सुश्री रुखमणि पाण्डेय एवं वरुण पाण्डेय का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा है। दोनों प्रशिक्षकों ने बच्चों को केवल कराटे की तकनीकी शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, साहस, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास करने के लिए निरंतर मेहनत की। मात्र 7 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अक्षत के लिए यह अनुभव चुनौतीपूर्ण था, लेकिन प्रशिक्षकों ने प्रतियोगिता के दौरान एक अभिभावक की तरह बच्चों की देखभाल, मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया, जिससे अक्षत आत्मविश्वास के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके।
प्रमाण-पत्र में अंकित विवरण के अनुसार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स डेवलपमेंट काउंसिल के चीफ डायरेक्टर श्री एम.एम. हैदर अली, संगठन सचिव डॉ. वी. कुमार, संगठन प्रबंधक श्री राज श्रीवास्तव एवं उपाध्यक्ष अनिल प्रकाश बाजपेयी द्वारा प्रमाणित किया गया है। इन पदाधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं को खेलों से जोड़ने के प्रयास सराहनीय हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, शारीरिक शिक्षा विभाग, रायपुर में किया गया। ऐसे प्रतिष्ठित आयोजन में जांजगीर-चांपा जिले के बाल खिलाड़ी द्वारा पदक अर्जित किया जाना जिले के लिए विशेष गौरव का विषय है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले अक्षत सोनी, वर्तमान में तहसील बम्हनीडीह में पदस्थ तहसीलदार शशि भूषण सोनी एवं श्रीमती श्वेता सोनी के सुपुत्र हैं।
कलेक्टर जनमेजय महोबे के मार्गदर्शन, जिला खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान के नेतृत्व, प्रशिक्षक रुखमणि पाण्डेय एवं वरुण पाण्डेय के समर्पित प्रशिक्षण, SDCI द्वारा उपलब्ध कराए गए राष्ट्रीय मंच तथा खिलाड़ी अक्षत सोनी की मेहनत के संयुक्त प्रयासों से प्राप्त यह उपलब्धि जांजगीर-चांपा जिले के खेल विकास की एक प्रेरणादायी सफलता है।
जांजगीर-चांपा की प्रतिभाएं अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं। अक्षत सोनी की यह उपलब्धि जिले के प्रत्येक बच्चे के लिए प्रेरणा और जिले के लिए गौरव का विषय है।
