जांजगीर-चांपा, 25 जून 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश में अत्यधिक गर्मी को देखते हुए 23 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन का समय प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान बच्चों की उपस्थिति का समय सुबह 7 बजे से 9 बजे तक तय किया गया है, जिसमें उन्हें निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार स्कूल पूर्व शिक्षा, ईसीसीई गतिविधियां तथा पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जाना है तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को केन्द्र में 11 बजे तक रहने हेतु निर्देशित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि एकीकृत बाल विकास परियोजना पामगढ़ के सेक्टर खरौद अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-1 तनौद तथा सेक्टर लोहर्सी अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-1 खोखरी, भखराभाठा एवं आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-3 लोहर्सी के निर्धारित समय में बंद रहने एवं कार्यकर्ता-सहायिकाओं के अनुपस्थित रहने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की गई। जांच के दौरान सेक्टर खरौद की पर्यवेक्षक सुश्री प्रियवंदा साहू एवं सेक्टर लोहर्सी की पर्यवेक्षक श्रीमती संतोषी देवांगन को कारण बताओ नोटिस जारी कर पांच दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर दोनों पर्यवेक्षकों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान प्रस्तुत स्पष्टीकरण भी संतोषजनक नहीं पाए जाने पर श्रीमती संतोषी देवांगन को सेक्टर लोहर्सी से सेक्टर खरौद तथा सुश्री प्रियवंदा साहू को सेक्टर खरौद से सेक्टर लोहर्सी स्थानांतरित कर सेक्टर परिवर्तन किया गया है।
