अमोरा ‘गांव पूर्णतः नशामुक्त घोषित किया, अब बनेगा … पूर्णतः हेलमेट युक्त गांव
- ‘एक हेलमेट पति के नाम’ से बांटे हेलमेट, महिला कमांडो को मिला हौसला
- SP ने गांव के सरपंच सहित 150 महिला कमांडो को नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण और अवैध शराब रोकथाम में उत्कृष्ट योगदान पर प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
- अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, नशामुक्ति व महिला सशक्तीकरण में उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी मुलमुला निरी. पारस पटेल को महिला कमांडो टीम व सरपंच अमोरा ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया
- महिला कमांडो एवं गांव के नागरिकों के द्वारा रेडियम पट्टी बांधकर बचा रहीं आवारा पशुओं से जान –सड़क सुरक्षा पर जोर
- SP एवं ASP (यातायात) उदयन बेहार ने महिला कमांडो टीम को बताया ‘गांव की असली प्रहरी’
- SP ने बच्चों संग केक काटकर बांटी खुशियां सामुदायिक पुलिसिंग को धरातल पर उतारने और नशामुक्ति का संदेश गांव -गांव पहुंचाने बीते रविवार CM ड्यूटी के बाद रात 10 बजे पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार, SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, थाना प्रभारी मुलमुला पारस पटेल खुद ग्राम अमोरा पहुंचे। थाना मुलमुला क्षेत्र के इस गांव में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों, महिला कमांडो टीम और बच्चों से दिल से दिल का संवाद किया।
‘नशा छोड़ेगा परिवार, तभी बचेगा संस्कार’
SP श्री पाण्डेय ने ग्रामीणों से अमोरा को पूर्ण नशामुक्त गांव बनाने का आह्वान करते हुए कहा, “नशा सिर्फ शरीर नहीं तोड़ता, परिवार का भविष्य भी अंधेरे में धकेल देता है। आज संकल्प लें कि न खुद नशा करेंगे, न किसी को करने देंगे।”
महिला कमांडो टीम का सराहनीय योगदान ’
SP ने अमोरा की महिला कमांडो टीम के अनूठे प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। गांव की महिलाएं खुद रात में सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को पकड़कर उनके गले में रेडियम पट्टी बांधती हैं, जिससे रात में वाहन चालकों को दूर से मवेशी दिख जाएं और दुर्घटना टले। एसपी यातायात श्री उदयन बेहार ने भी इस पहल को पूरे जिले के लिए ‘अनुकरणीय मॉडल’ बताया।
‘एक हेलमेट पति के नाम’ से बढ़ाया सुरक्षा का दायरा
सड़क सुरक्षा को नई दिशा देते हुए SP ने महिला कमांडो टीम को ‘एक हेलमेट पति के नाम’ अभियान के तहत हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा, “पति की सलामती पत्नी की सबसे बड़ी दौलत है। घर से निकलते वक्त हेलमेट जरूर याद दिलाएं।” ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 90% लोग अब हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाते हैं और दूसरों को भी टोकते हैं।
बच्चों संग केक काटा, दिए तरक्की के टिप्स
कार्यक्रम के दौरान SP श्री पाण्डेय ने बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां बांटीं। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ने, अनुशासन में रहने और मोबाइल की लत से दूर रहकर मैदान में खेलने की बात कही। “आप ही कल के अमोरा हो, नशामुक्त और सुरक्षित अमोरा आपके हाथ में है,” SP ने बच्चों का हौसला बढ़ाया।
जनभागीदारी से ही बनेगा सुरक्षित
SP ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद ही सामुदायिक पुलिसिंग की आत्मा है। जब गांव खुद अपनी सुरक्षा का जिम्मा ले लेता है, तो अपराध और हादसे अपने आप कम हो जाते हैं। अमोरा ने यह करके दिखाया है।
अवैध शराब पर चोट, महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा – थाना प्रभारी पारस पटेल को गांव के सरपंच सहित महिला कमांडो ने किया सम्मानित
अवैध शराब बिक्री पर लगातार कार्रवाई, नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका और महिला सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल को ग्राम अमोरा में सम्मानित किया गया। रविवार देर शाम आयोजित कार्यक्रम में महिला कमांडो टीम एवं ग्राम सरपंच ने स्मृति चिह्न भेंट कर थाना प्रभारी का अभिनंदन किया।
उपरोक्त कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिला कमांडो टीम के सदस्य एवं थाना मुलमुला पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।
