प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिला क्रांती बाई के परिवार में आई खुशहाली
जांजगीर-चांपा 21 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर एवं आवासहीन परिवारों के लिए सम्मानजनक जीवन का आधार बन रही है। इस योजना के माध्यम से हजारों जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं पक्के आवास उपलब्ध हो रहे हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत अमोरा की निवासी श्रीमती क्रांती बाई, पति राम सागर की है, जिनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना आज साकार हो गया है। श्रीमती क्रांती बाई अपने परिवार के साथ एक जर्जर कच्चे मकान में निवास करती थीं। बरसात के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था और परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्वयं पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनका चयन हुआ। ग्राम सभा की अनुशंसा एवं आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया गया। योजना के अंतर्गत 1.20 लाख रुपए की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए 12,000 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। ग्राम पंचायत अमोरा के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा तकनीकी अमले के सहयोग से निर्धारित समय में आवास निर्माण कार्य पूर्ण हुआ। आज श्रीमती क्रांती बाई का परिवार अपने नए पक्के, स्वच्छ एवं सुरक्षित आवास में सुखपूर्वक निवास कर रहा है। वे प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहती हैं, पहले बरसात का मौसम हमारे लिए चिंता लेकर आता था, लेकिन अब हमें सुरक्षित पक्का घर मिल गया है। हमारे बच्चों का भविष्य भी अब सुरक्षित महसूस होता है। इसके लिए हम शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभाव से ग्राम पंचायत में रोजगार के अवसर बढ़े हैं, स्थानीय श्रमिकों को काम मिला है तथा अन्य योजनाओं के अभिसरण से स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। योजना ने महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया है। साथ ही, ऑनलाइन एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) यह सिद्ध कर रही है कि एक पक्का आवास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का प्रतीक है। क्रांती बाई की यह सफलता की कहानी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाएं, हितग्राहियों को समय पर मिले योजना का लाभ – कलेक्टर
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश दिए है कि पीएम आवास निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए उसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं, ताकि मानसून के दौरान सुरक्षित एवं पक्के आवास का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें, किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दें तथा सभी लंबित आवासों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास निर्माण के प्रत्येक चरण का समय पर जियो-टैगिंग सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को किस्त की राशि बिना विलंब उनके बैंक खातों में अंतरित हो सके।
