जांजगीर। जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद दो सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रामखिलावन साहू और संतोष केरकेट्टा को शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मानित किया।
एसडीओपी कार्यालय अकलतरा (रक्षित केंद्र) में पदस्थ एएसआई रामखिलावन साहू तथा थाना नवागढ़ में पदस्थ एएसआई संतोष केरकेट्टा के सेवानिवृत्त होने पर आयोजित कार्यक्रम में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क ने दोनों अधिकारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ सेवाएं देकर विभाग की गरिमा बढ़ाई है।
विदाई समारोह में डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, रीडर-1 एएसआई अश्वनी राठौर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के सम्मान में शुभकामनाएं देते हुए उनके भविष्य के जीवन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
