- राहवीर योजना से ग्रामीणों को किया गया जागरूक पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में जिले के थाना अकलतरा पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोटगढ़ में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जय कुमार साहू स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और सड़क सुरक्षा मित्रों सहित उपस्थित नागरिकों को राहवीर योजना एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति की समय पर सहायता करने वाले राहगीरों को केंद्र सरकार की राहवीर योजना के तहत प्रोत्साहन एवं सम्मान प्रदान किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने में संकोच न करें और मानवता का परिचय दें।
इस अवसर पर ग्रामीणों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा अन्य आवश्यक यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही गई।
उपरोक्त कार्यवाही में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक गण सहित जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
