जांजगीर-चांपा, 03 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत 5 अगस्त 2026 को ऑडिटोरियम भवन, जांजगीर में किशोरी बालिकाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को उनकी रुचि, कौशल एवं क्षमताओं के अनुरूप सही करियर का चयन करने में मार्गदर्शन प्रदान करना तथा उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों से जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में संदीप सिंह, प्रमाणित करियर काउंसलर एवं ट्रेनर द्वारा उच्च शिक्षा के विविध विकल्प, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर चयन के संबंध में एवं सुश्री अंकिता तिवारी, फाउंडर, डिजिटल मार्केटिंग एंड एआई अकादमी द्वारा विद्यार्थियों के जीवन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के महत्व, उपयोगी एआई टूल्स, शिक्षा में एआई के जिम्मेदार एवं सुरक्षित उपयोग, संभावित जोखिमों के बारे में जानकारी दी जाएगी तथा इसके दीर्घकालिक प्रभावों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा का महत्व समझते हुए पुनः विद्यालय में प्रवेश लेकर अध्ययन से जुड़ी शाला त्यागी बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाली कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मेधावी बालिकाओं का भी सम्मान किया जाएगा।
