सफलता की कहानी
महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त से पुष्पा साहू के चेहरे पर खिली मुस्कान, बोलीं—“राखी से पहले राशि मिलना हमारे लिए बड़ी खुशी की बात”
सक्ती, 27 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। रक्षाबंधन से पहले मिली इस राशि से महिलाओं में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 31वीं किस्त रक्षाबंधन से पहले मिलने से महिलाओं को अपनी घरेलू एवं व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक संबल मिला है।
सक्ती विकासखंड के ग्राम पलाड़ीकला निवासी श्रीमती पुष्पा साहू के लिए भी महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त रक्षाबंधन से पहले खुशियों का तोहफा बनकर आई है। उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये की राशि पहुंचने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना उनके परिवार के लिए नियमित आर्थिक सहारे का माध्यम बनी है। श्रीमती पुष्पा साहू राधा कृष्ण स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। वे समूह के माध्यम से अलग-अलग अवसरों के अनुरूप उत्पाद तैयार करती हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर वे इको-फ्रेंडली राखियां तथा होली के अवसर पर इको-फ्रेंडली गुलाल तैयार करती हैं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे इन गतिविधियों में करती हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय अर्जित करने में मदद मिल रही है। रक्षाबंधन से पहले 31वीं किस्त मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए श्रीमती पुष्पा साहू ने कहा कि, “हमारे विष्णु भैया ने सितंबर माह में मिलने वाली राशि अगस्त में ही देकर हम बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा दिया है। राखी से पहले यह राशि मिलना हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। विष्णु भैया ने हमारी खुशियां दोगुनी कर दी हैं। इसके लिए मैं उन्हें हृदय से धन्यवाद देती हूं।”
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने से बचाती है। महिलाएं इस राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, व्यक्तिगत आवश्यकताओं तथा छोटे-छोटे आर्थिक कार्यों में कर रही हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ रही है। रक्षाबंधन जैसे आत्मीय पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त मिलना श्रीमती पुष्पा साहू सहित प्रदेश की लाखों बहनों के लिए खुशियों की सौगात बनकर आया है। उनके लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सम्मान, भरोसे और सशक्तिकरण का संदेश भी है। राखी से पहले मिली 31वीं किस्त को बहनें आत्मीयता से “विष्णु भैया का रक्षाबंधन तोहफा” मानकर खुशी महसूस कर रही हैं।
