परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस का दावा—मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद बिगड़ी थी हालत
चांपा पुलिस की हिरासत में युवक की बिगड़ी तबीयत, जिला अस्पताल में मौत; थाने का घेराव परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस का दावा—मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद बिगड़ी थी हालतजांजगीर-चांपा/चांपा। चांपा पुलिस की हिरासत में लिए गए 35 वर्षीय युवक शिव सहीस उर्फ मनीराम सहीस की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।जानकारी के मुताबिक चांपा के मेहंदीपारा निवासी शिव सहीस को बुधवार दोपहर पुलिस ने उसके घर से कथित तौर पर 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे चांपा थाने लाया गया। देर रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा और वॉशरूम जाते समय वह अचानक गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लगी।इसके बाद ड्यूटी पर मौजूद जवान उसे उपचार के लिए BDM अस्पताल लेकर गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर करीब सुबह 6 बजे उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सुबह करीब 8:30 बजे उसकी मौत हो गई।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हुई। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक की तबीयत मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद बिगड़ी थी।फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह और हिरासत के दौरान हुई घटनाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। थाने के बाहर तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
