सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर बनीं अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा
सक्ती,महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सक्ती विकासखंड के ग्राम मसनियाकलॉ निवासी श्रीमती रानी कर्मवीर भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर रही हैं। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता से रानी कर्मवीर घर की आवश्यक वस्तुओं, दैनिक खर्चों और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग कर पा रही हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम हुई है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। रानी कर्मवीर बताती हैं कि उन्हें महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त अगस्त माह में ही प्राप्त हो गई, जिसका उपयोग उन्होंने रक्षाबंधन पर्व को अच्छे से मनाने में किया। इसके साथ ही वे प्राप्त राशि का एक हिस्सा अपने पोषण आहार और बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि खाते में बचत करने में भी उपयोग करती हैं। इस तरह योजना से मिलने वाली राशि उनके वर्तमान खर्चों के साथ-साथ परिवार के बेहतर भविष्य की तैयारी में भी मददगार साबित हो रही है। श्रीमती रानी कर्मवीर का कहना है कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें आर्थिक राहत देने के साथ अपने परिवार से जुड़े निर्णयों में आत्मविश्वास भी दिया है। वे इस योजना को महिलाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहती हैं कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी छोटी-बड़ी जरूरतें स्वयं पूरी कर सकती हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। श्रीमती रानी कर्मवीर ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
