सक्ती, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह और उमंग देखने को मिली। इसी क्रम में जनपद पंचायत जैजैपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपती कीर्तन चंद्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर स्थित जन औषधि केंद्र में दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। उन्होंने सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर दीप प्रज्वलन से परिसर प्रकाशमय हो उठा और वातावरण में सेवा एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों एवं जन औषधि मेडिकल स्टोर सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को साकार किया। कार्यक्रम के माध्यम से जिलेभर में सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचा।
