सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी
प्रधानमंत्री आवास से मिला पक्का घर, उज्ज्वला गैस और महतारी वंदन योजना से मिला सुविधा व आर्थिक संबल
जांजगीर-चांपा सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव ला रहा है। ग्राम पंचायत लखुर्री, जनपद पंचायत बम्हनीडीह की श्रीमती रथबाई केशरवानी को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का घर मिला है। लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने के बाद पक्की छत मिलने से अब उन्हें परिवार की सुरक्षा और बेहतर आवास का भरोसा मिला है। श्रीमती रथबाई को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह 500 रुपये की सहायता मिल रही है। इसके साथ पेंशन के रूप में भी 500 रुपये प्रतिमाह प्राप्त हो रहे हैं। इन योजनाओं से घरेलू जरूरतों को पूरा करने में उन्हें आर्थिक सहारा मिल रहा है। श्रीमती रथबाई बताती हैं, “पहले कच्चे घर में रहने की चिंता रहती थी। अब पक्का घर मिल गया है। उज्ज्वला गैस से खाना बनाने में सुविधा हुई और हर महीने मिलने वाली राशि से घर के खर्च में मदद मिलती है।” श्रीमती रथबाई के जीवन में आया बदलाव यह दर्शाता है कि शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने से उन्हें केवल सुविधाएं ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास भी मिलता है। पक्की छत से शुरू हुआ यह बदलाव अब विभिन्न योजनाओं के सहयोग से उनके परिवार को बेहतर जीवन की ओर ले जा रहा है।
