हजारों दर्शकों ने लिया सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद, विभिन्न वर्गों में विजेताओं को नकद पुरस्कार से किया गया सम्मानित
नवागढ़। ग्राम पंचायत गोधना के मिलन चौक में आयोजित मित्र मिलन डांस प्रतियोगिता का 29 सितंबर को भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम को देखने के लिए गोधना सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर अंकित मिश्रा शिवरीनारायण एवं ओम प्रकाश साहू, पार्षद वार्ड क्रमांक 1 शिवरीनारायण रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं श्रीफल फोड़कर की गई। इसके बाद विभिन्न वर्गों में डांस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।ग्रुप डांस में सारंगढ़ की टीम प्रथम ग्रुप डांस प्रतियोगिता में सरारा सारंगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10 हजार रुपए का पुरस्कार हासिल किया। वहीं प्रतिभा दुर्ग-भिलाई ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 7 हजार रुपए, सांवरिया सराईपाली ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 5 हजार रुपए, भोला ग्रुप रायगढ़ ने चौथा स्थान प्राप्त कर 3 हजार रुपए तथा करधा बिलासपुर ने पांचवां स्थान प्राप्त कर 2 हजार रुपए का पुरस्कार प्राप्त किया।
युगल नृत्य में दीपमाला-राजेश सरसीवा प्रथम युगल डांस प्रतियोगिता में दीपमाला-राजेश सरसीवा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 5 हजार रुपए का पुरस्कार जीता। मांझी वर्षा रायगढ़ को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 4 हजार रुपए, बेबी स्वीटी कोरबा को तृतीय पुरस्कार के रूप में 3 हजार 500 रुपए, साधना सरगम जांजगीर-चांपा को चौथा पुरस्कार 2 हजार 500 रुपए तथा जय छत्तीसगढ़िया पामगढ़ को पांचवां पुरस्कार 1 हजार 500 रुपए प्रदान किया गया।एकल नृत्य में कोहिनूर रायगढ़ प्रथम एकल डांस प्रतियोगिता में कोहिनूर रायगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 3 हजार रुपए का पुरस्कार प्राप्त किया। जानवी बलौदाबाजार को द्वितीय पुरस्कार 2 हजार रुपए, सोनम खरसिया को तृतीय पुरस्कार 1 हजार 500 रुपए, प्राची कमरीद को चौथा पुरस्कार 1 हजार रुपए तथा भाग्यशाली शक्ति को पांचवां पुरस्कार 700 रुपए देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान मंच पर कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। विभिन्न स्थानों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी कला और नृत्य कौशल का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए जमकर तालियां बजाईं। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी से पूरे मिलन चौक का माहौल उत्सवमय बना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत गोधना के सरपंच अजय साहू ने की। इस अवसर पर इंजीनियर अंकित मिश्रा, ओम प्रकाश साहू,दिनेश साहू जनपद सदस्य सभापति तुष्मा, रमेश कुमार साहू जनपद सदस्य सभापति गोधना, जय प्रकाश यादव, चांदराम साहू,टी आर कुर्रे सहित मित्र मिलन यंग ग्रुप मिलन चौक के युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
