जांजगीर-चांपा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए डेटा ड्रिवन हाइपरलोकल इंटरवेंशन को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी मद्रास के तकनीकी विशेषज्ञ हेमंत शर्मा ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों के विश्लेषण तथा स्थानीय स्तर पर लक्षित सड़क सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि दुर्घटनाओं के स्थान, समय, कारण, प्रकार तथा घायलों एवं मृतकों से संबंधित आंकड़ों का सूक्ष्म विश्लेषण कर प्रत्येक क्षेत्र की विशिष्ट सड़क सुरक्षा चुनौतियों की पहचान की जा सकती है। इस डेटा के आधार पर संबंधित स्थानों पर आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक उपाय लागू किए जा सकेंगे।
तकनीकी विशेषज्ञ शर्मा ने बताया कि डेटा ड्रिवन हाइपरलोकल इंटरवेंशन के माध्यम से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और संभावित ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सकती है। इससे दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने, यातायात व्यवस्था में सुधार करने तथा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण में आईआरएडी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज दुर्घटना संबंधी जानकारी के उपयोग, डिस्ट्रिक्ट रोड सेफ्टी कमेटी ट्रैकर, फील्ड परसेप्शन सर्वे तथा ट्रॉमा केयर प्रिपेयर्डनेस लेवल जैसे महत्वपूर्ण घटकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के समन्वित विश्लेषण से स्थानीय स्तर पर त्वरित और लक्षित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य एवं सड़क निर्माण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का नियमित संकलन, सत्यापन एवं विश्लेषण करते हुए क्षेत्रवार आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशिक्षण के उपरांत संबंधित विभागों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इससे दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी के संकलन, विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर प्रभावी डेटा ड्रिवन हाइपरलोकल इंटरवेंशन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी होगी।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनीता श्रीवास्तव, पुलिस विभाग से डीएसपी सतरूपा तारम, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा, डीआरएम साधना गुप्ता तथा राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से कनिष्ठ अभियंता विजय साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
