किसानों को समिति में लाइन लगाने की नहीं होगी परेशानी*
सक्ती, शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु खरीदी अवधि 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। धान खरीदी प्रारंभ होने के 5 दिन पहले से अर्थात 10 नवंबर से किसानों को टोकन जारी किए जा रहे हैं। किसान 15 नवम्बर से 15 जनवरी 2027 तक के किसी भी दिन का टोकन अपनी सुविधा अनुसार ले सकेंगे। किसानों से अपील किया गया है कि यदि उनका धान विक्रय के लिए तैयार हो गया है तो वे टोकन कटाकर अपना धान विक्रय कर ले। जिले की 96 सहकारी समितियों में 129 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।
इस वर्ष भी किसान विगत वर्ष की भांति तुहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे। किसान गूगल प्ले स्टोर पर जाकर अपने मोबाइल में ऐप डाउनलोड कर टोकन जारी कर सकते हैं। इस ऐप में सर्वप्रथम किसानों को ओटीपी आधारित पंजीयन करना होगा। समिति में टोकन के लिए शासन द्वारा तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकृत किसान 24×7 घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकते हैं। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रतिदिन खरीदी की निर्धारित सीमा का 70 प्रतिशत टोकन ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत टोकन समिति से प्राप्त किए जा सकेंगे। इससे किसानों को समिति में कतार लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। निर्धारित 70 प्रतिशत सीमा में से 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों को तथा 20 प्रतिशत टोकन बड़े किसानों को जारी किए जाएंगे। लघु किसानों को दो एकड़ तक एक टोकन जारी होगा। सीमांत किसानों को 2 एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक दो टोकन दिए जाएंगे। इसी तरह बड़े किसानों, जिनके पास 10 एकड़ से अधिक जमीन है, उन्हें तीन टोकन देने का प्रावधान किया गया है। पहले की तरह किसान धान की मात्रा स्वयं दर्ज कर टोकन प्राप्त कर सकेंगे। किसानों को टोकन संबंधी एवं धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो वे शासन द्वारा जारी राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
