जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ब्यास कश्यप के सतत प्रयासों से जिले के विभिन्न धान उपार्जन केन्द्रों में अहाता सह गेट निर्माण एवं पुलिया निर्माण के लिए 1 करोड़ 11 लाख रूपये राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से उपार्जन केन्द्रों की सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। विधायक ब्यास कश्यप ने लंबे समय से धान खरीदी के दौरान उपार्जन केन्द्रों में अव्यवस्था, खुले परिसर, अनाधिकृत प्रवेश एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया था। उन्होंने संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर लगातार बैठकों एवं पत्राचार के माध्यम से समस्याओं से अवगत कराते हुए अहाता सह गेट निर्माण कार्य की मांगों को रेखांकित किया था। इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के द्वारा मंडी निधि से धान उपार्जन केन्द्रों में अहाता सह गेट निर्माण एवं पुलिया निर्माण के लिए 1 करोड़ 11 लाख रूपये राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधानसभा जांजगीर-चांपा के धान उपार्जन केन्द्र पिसौद में अहाता सह गेट निर्माण कार्य के लिए 18.24 लाख, धान उपार्जन केन्द्र किरीत में अहाता सह गेट निर्माण कार्य के लिए 18.24 लाख, धान उपार्जन केन्द्र घुठिया में अहाता सह गेट निर्माण कार्य के लिए 18.24 लाख, धान उपार्जन केन्द्र बुड़ेना में अहाता सह गेट निर्माण के लिए 18.24 लाख, धान उपार्जन केन्द्र सेमरा में अहाता सह गेट निर्माण के लिए 18.24 लाख, ग्राम सिउंड़ से चोरभट्ठी के मध्यम कोकड़ी नाला में पुल निर्माण के लिए 19.80 लाख रूपये की स्वीकृति मंडी निधि से प्रदान की गई है।
विधायक ब्यास कश्यप ने इस स्वीकृति के लिए शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की सुविधा और हितों की रक्षा करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होने बताया कि भविष्य में अन्य धान खरीदी केन्द्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए भी प्रयास किया जाएगा। स्थानीय किसानों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे धान उपार्जन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
