ब्रेकिंग न्यूज
जांजगीर जिले में ACB की बड़ी ट्रैप कार्रवाई, नवागढ़ नगर पंचायत का लेखापाल 8000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही Anti Corruption Bureau (ACB) / Economic Offences Wing (EOW) बिलासपुर की टीम ने आज 20 मार्च 2026 को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जांजगीर जिले के नवागढ़ नगर पंचायत में पदस्थ लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
डीएसपी ACB बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी फर्म द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 में नगर पंचायत क्षेत्र में अधोसंरचना एवं मरम्मत कार्य किया गया था, जिसकी लगभग 2,03,000 रुपये की बिल राशि का चेक जारी कराने के एवज में 16,000 रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पहले ही 6000 रुपये दे चुका था और शेष रकम की मांग की जा रही थी। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी ने मोलभाव के बाद 10,000 की जगह 8,000 रुपये लेने की सहमति दी, जिसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।
आज प्रार्थी को रकम देने भेजा गया, जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम लेकर अपनी कार में रखी, पहले से घात लगाए ACB की टीम ने ग्राम सेमरा के पास शाह क्रशर के नजदीक उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से 8000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ACB ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी शासकीय कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तुरंत सूचना दें।
