मुख्यालय में अनिवार्य रूप से करें निवास, तभी मिलेगी जमीनी समस्याओं की सही जानकारी
राजस्व प्रकरणों में शिकायतें न हों प्राप्त, पेंडेंसी की प्रतिदिन समीक्षा करें अधिकारी
कैंप कोर्ट लगाकर त्रुटि सुधार सहित राजस्व प्रकरणों का मौके पर करें निराकरण
अतिक्रमण पर होगी कड़ी कार्यवाही, अवैध खनन की सूचना तत्काल दें
नक्शा-खसरा का मिलान कर रिकॉर्ड अपडेट रखें, राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता पर सख्त निर्देश
जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल 2026/कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज जनपद पंचायत सभाकक्ष पामगढ़ में राजस्व अनुविभाग पामगढ़ के पटवारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों के प्रत्येक प्रकरण का समाधान निर्धारित समयसीमा में किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि पटवारी मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करें। मुख्यालय में रहने से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और नागरिकों की समस्याओं की जानकारी समय पर मिलती है, जिससे त्वरित समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि राजस्व से संबंधित शिकायतें प्राप्त न हों, इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। नक्शा एवं खसरा का नियमित मिलान कर रिकॉर्ड को अद्यतन रखें। साथ ही सभी अधिकारी प्रतिदिन पेंडेंसी की समीक्षा करें और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें।कलेक्टर ने कहा कि त्रुटि सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और ग्राम स्तर पर कैंप कोर्ट आयोजित कर मौके पर ही समस्याओं का समाधान करें।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि अवैध कब्जों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध खनन की गतिविधियों पर नजर रखते हुए इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।उन्होंने जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र निर्धारित समयसीमा में जारी करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। आरबीसी 6-4 के प्रकरणों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कहा कि इन मामलों की गंभीरता से जांच की जाए और पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सुशासन तिहार 2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर ने विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके अंतर्गत भूमि संबंधी प्रकरण जैसे नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन को प्राथमिकता दी जाएगी। सुशासन तिहार के तहत 1 मई से 10 जून 2026 तक जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति से अवगत कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।बैठक में सीईओ जिला पंचायत गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम पामगढ़ आर. के. तम्बोली तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
