निर्वाचन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन हेतु आवश्यक निर्देश जारी
नगर पंचायत बम्हनीडीह में पहला नामांकन दाखिल, वार्ड क्रमांक 09 से बसंती जायसवाल ने भरा पर्चा
बम्हनीडीह, दिनांक 14 मई 2026/
नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 अंतर्गत नगर पंचायत बम्हनीडीह में निर्वाचन गतिविधियाँ अब पूरी तरह गति पकड़ने लगी हैं। आज राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री ए.आर. टंडन द्वारा निर्वाचन तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं, आदर्श आचरण संहिता पालन एवं प्रशासनिक तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
प्रेक्षक श्री टंडन द्वारा निर्वाचन कार्यालय, नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति व्यवस्था, स्क्रूटिनी कक्ष, प्रतीक आवंटन व्यवस्था, मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल तथा प्रस्तावित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख संधारण, प्रवेश नियंत्रण एवं निर्वाचन सामग्री सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों हेतु उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, विद्युत व्यवस्था, रैम्प, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी की समीक्षा भी की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस एवं प्रशासनिक समन्वय, सेक्टर अधिकारियों की तैनाती एवं सतत निगरानी व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई।
प्रेक्षक द्वारा आदर्श आचरण संहिता (MCC) पालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए राजनीतिक दलों को जारी अनुमतियों, सभा-जुलूस अनुमति प्रक्रिया, ध्वनि विस्तारक अनुमति, वाहन अनुमति एवं प्रचार सामग्री नियंत्रण संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्यवाही की जाए।
इसी दौरान नगर पंचायत बम्हनीडीह में नाम निर्देशन प्रक्रिया के तहत पहला नामांकन भी दाखिल किया गया। वार्ड क्रमांक 09 से श्रीमती बसंती जायसवाल द्वारा इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी की ओर से अपना नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया गया। पहला नामांकन दाखिल होने के साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है तथा विभिन्न वार्डों में राजनीतिक हलचल बढ़ने लगी है।
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के साथ आयोजित बैठक, निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के प्रचार-प्रसार एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रेक्षक द्वारा निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र चौधरी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं रिटर्निंग ऑफिसर पवन कोसमा, तहसीलदार एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर शशिभूषण सोनी, जिला निर्वाचन संयोजक आशीष पाटले, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राधा चरण तिवारी सहित पुलिस, नगर पंचायत एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा नगर पंचायत बम्हनीडीह में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।
