जांजगीर-चांपा 11 जून 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले मे बाल सक्षम नीति 2022 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बालकों के स्थाई पुनर्वास हेतु 1 जून 2026 से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि उक्त अभियान में बाल श्रमिक, अपशिष्ट संग्राहक, भिक्षावृत्ति मे लिप्त एवं सड़क जैसी परिस्थितियों में निवासरत बच्चों की पहचान हेतु जिला स्तर पर संबंधित विभागों के साथ बचाव दल (रेस्क्यू टीम) का गठन कर संवेदीकरण का कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के चिन्हांकित स्थल (खोखरा मंदिर, नहरिया बाबा मंदिर) सार्वजनिक स्थान, बस स्टैण्ड, रेल्वे स्टेशन एवं जिले के चिन्हांकित स्थान शांति नगर में ड्रॉप आउट बालको की जानकारी एकत्रित करते हुए सर्वे कार्य हेतु अभियान के अंतर्गत जिले में चिन्हांकित हॉटस्पॉट स्थानों तथा बस स्टैंड, सामाजिक स्थान, मंदिर, बाजार स्लम बस्ती एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गहन सर्वेक्षण एवं कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चे, बाल श्रमिक, अपशिष्ट संग्राहक, भिक्षावृत्ति मे लिप्त एवं नशे में लिप्त बालको की सूचना प्राप्त होने की स्थिति में तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग, चाईल्ड लाईन 1098, 9827771819, 8963997174, पर सुचना देने कहा गया है।
