कुल 3750 घन मीटर रेत जब्त, सीलादेही में 02 चेन माउंटेन, 02 लोडर एवं 04 हाइवा जब्त
बम्हनीडीह, 15 जून 2026।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जन्मेजय महोबे के आदेशानुसार तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चाम्पा पवन कोसमा के निर्देश पर बम्हनीडीह तहसील क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आज राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक जांच एवं कार्यवाही की गई। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों एवं भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया गया।
कार्यवाही के दौरान बम्हनीडीह क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित लगभग 750 घन मीटर रेत पाए जाने पर उसे नियमानुसार जब्त किया गया। इसके उपरांत संयुक्त टीम द्वारा सीलादेही एवं गतवा घाट का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जहां स्वीकृत अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति के संबंध में स्थल परीक्षण एवं अभिलेखों का सत्यापन किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि स्वीकृत अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति की विभिन्न शर्तों एवं निर्देशों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है। जांच उपरांत सीलादेही स्थित अस्थायी रेत भंडारण स्थल पर लगभग 3000 घन मीटर रेत के संबंध में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उक्त स्थल से संबंधित 02 चेन माउंटेन मशीन, 02 लोडर एवं 04 हाइवा वाहन जब्त किए गए।
जब्तशुदा मशीनों, वाहनों एवं रेत भंडारण को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु खनिज विभाग के सुपुर्द किया गया है। संबंधित प्रकरण में खनिज नियमों, अनुज्ञप्ति की शर्तों तथा अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत विस्तृत जांच एवं अग्रिम कार्रवाई प्रचलन में है।
इस प्रकार आज की संयुक्त कार्यवाही में कुल लगभग 3750 घन मीटर रेत जब्त की गई है। जिला प्रशासन द्वारा अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। विगत अवधि में भी अनेक वाहनों एवं मशीनों पर कार्रवाई की जा चुकी है तथा अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि अवैध रेत उत्खनन एवं अनियमित भंडारण से न केवल शासन को राजस्व हानि होती है, बल्कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप, पर्यावरणीय संतुलन एवं भूजल स्तर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी कारण जिला प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए लगातार निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
उक्त संयुक्त कार्यवाही तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी शशिभूषण सोनी के नेतृत्व में संपादित की गई, जिसमें नायब तहसीलदार संजय बरेठ, खनिज निरीक्षक दुर्गेश धीवर, राजस्व अमला एवं खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
