कलेक्टर महोबे की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार हो रही कार्रवाई, राजस्व-पुलिस-खनिज विभाग अलर्ट मोड पर
बम्हनीडीह, 16 जून 2026।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री जन्मेजय महोबे द्वारा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन निरीक्षण एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में भारत सरकार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जारी Sustainable Sand Mining Guidelines-2016 तथा Enforcement and Monitoring Guidelines-2020 के प्रावधानों के अनुरूप वर्षा ऋतु अवधि 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदीय रेत उत्खनन पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर (खनिज शाखा), जांजगीर-चांपा द्वारा जिले के समस्त रेत खदान संचालकों एवं संबंधित अनुज्ञप्तिधारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान किसी भी स्थिति में नदी से रेत उत्खनन न किया जाए तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा इस संबंध में सभी संबंधित पक्षों को पूर्व में ही आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इसी तारतम्य में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चाम्पा पवन कोसमा के मार्गदर्शन में तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी शशिभूषण सोनी, नायब तहसीलदार संजय बरेठ, थाना प्रभारी एवं खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा बम्हनीडीह क्षेत्र के संवेदनशील रेत घाटों, भंडारण स्थलों एवं परिवहन मार्गों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन को प्राप्त शिकायतों एवं मैदानी सूचनाओं के आधार पर पुछेली, पिपरदा, गतवा, सीलादेही, खपरीडीह तथा हसदेव नदी तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण एवं आकस्मिक जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं। जांच के दौरान अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण पाए जाने पर तत्काल जब्ती एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मानसून प्रतिबंध अवधि में किसी भी प्रकार का अवैध रेत उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज नियमों, पर्यावरणीय प्रावधानों एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीमें निरंतर क्षेत्रीय भ्रमण कर निगरानी बनाए रखेंगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रेत उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण की जानकारी प्राप्त हो तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने हेतु प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की प्राथमिकता प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन की रक्षा तथा शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना है।
