कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जन्मेजय महोबे के आदेशानुसार तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चाम्पा पवन कोसमा के निर्देश पर तहसील बम्हनीडीह क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज भारी वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया।
तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी बम्हनीडीह शशिभूषण सोनी तथा थाना प्रभारी बम्हनीडीह की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम पुछेली-पिपरदा घाट क्षेत्र में निरीक्षण एवं जांच की जा रही थी। इस दौरान वाहन क्रमांक CG10CD9302 को अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पाया गया। जांच उपरांत उक्त वाहन में लगभग 15 घन मीटर रेत भरी होना पाए जाने पर वाहन को मौके पर ही जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान लगातार वर्षा होने के बावजूद संयुक्त टीम द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए रेतमय हाइवा को अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना बम्हनीडीह के सुपुर्द किया गया। प्रकरण में खनिज नियमों एवं अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा जारी Sustainable Sand Mining Guidelines-2016 एवं Enforcement and Monitoring Guidelines-2020 के अनुसार वर्षा ऋतु अवधि में नदीय रेत उत्खनन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
