हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ दिलाने के दिए निर्देश
बम्हनीडीह, 18 जून 2026।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जन्मेजय महोबे के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (रा.) चांपा श्री पवन कोसमा के निर्देशन में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “विश्वास से विकास, जनकल्याण की ओर” अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन खपरीडीह, विकासखंड बम्हनीडीह में 3 दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर की तिथियां
18 जून 2026
19 जून 2026
20 जून 2026
शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों का अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आज तहसीलदार बम्हनीडीह शशि भूषण सोनी द्वारा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित पंजीयन काउंटरों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। तहसीलदार श्री सोनी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को प्राथमिकता के आधार पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम कौशल विकास योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जल जीवन मिशन एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन एवं लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जा रही है।
तहसीलदार सोनी ने बताया कि कोई भी पात्र व्यक्ति शिविर में पहुंचकर अपनी पात्रता अनुसार योजनाओं में पंजीयन करा सकता है तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकता है। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन, दस्तावेज संबंधी जानकारी एवं पंजीयन सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा पात्र व्यक्तियों को भी शिविर की जानकारी दें। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह विशेष अभियान जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
