जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं श्रीमती अनिता अग्रवाल जिला कार्यकम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर जिले के समस्त आगनबाडी केंद्रो में स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता के अंतर्गत विभिन्न ज्ञानवर्धक तथा सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पोषण में स्थानीय खाद्य पदार्थों के महत्व को रेखांकित करना तथा परिवारों में सही खान-पान की आदतों को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों और पारंपारिक व्यंजनों की डिजिटल रेसिपी बनाकर साझा की गई, ताकि आम जनमानस तक पौष्टिक भोजन की जानकारी आसानी से पहुँचाई जा सके। परिवार के पुरुष सदस्यों द्वारा सत्तू, मूंग दाल, चीला, खिचड़ी तथा चना मूँग चाट जैसी सरल, सुपाच्य और पौष्टिक रेसिपी का प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य परिवार के पोषण में पुरुषों की सहभागिता को बढ़ावा देना था। समुदाय आधारित मेरी थाली, मेरी कहानी गतिविधि समुदाय के माध्यम से 5-6 खाद्य समूहों वाली थाली बनवाई गई। इसके तहत मेरी थाली, मेरी कहानी जैसी रोचक गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक प्रतिभागी ने यह साझा किया। अभिभावकों को बच्चों और परिवार के सही पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश एवं वीडियो दिखाए गए। इस कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय को संतुलित आहार और स्थानीय पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक किया गया।
