- चोरी का तार खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार, बोलेरो पिकअप समेत ₹4.85 लाख का माल बरामद
जिले के थाना शिवरीनारायण पुलिस ने कुरियारी क्षेत्र में 11 केवी सिल्वर विद्युत तार चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी एवं चोरी का माल खरीदने वाले कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 450 किलो 11 केवी सिल्वर तार, जिसकी कीमत लगभग ₹85,000, तथा वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-11-BE-4151 कीमत करीब ₹4 लाख बरामद किया है। कुल बरामद सामग्री की कीमत ₹4.85 लाख है।
पोल्ट्री फार्म में बिजली कनेक्शन के लिए बिछाया गया था तार
प्रार्थी द्वारा थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि ग्राम कुरियारी डोंगाघाट से कुरियारी मुख्य मार्ग पर स्थित उसके पोल्ट्री फार्म में बिजली कनेक्शन के लिए 11 खंभे खड़े कर उनके ऊपर 11 केवी सिल्वर तार बिछाया गया था। दिनांक 25 सितंबर की सुबह मौके पर पहुंचने पर खंभों के ऊपर लगा करीब 450 किलो तार गायब मिला। रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 285/2026, धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी शिवरीनारायण श्री तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र एवं सोर्स के माध्यम से पतासाजी शुरू की।
जांच के दौरान बोलेरो पिकअप वाहन के माध्यम से चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने की जानकारी मिलने पर वाहन चालक अविनाश थवाईत उर्फ मोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तार चोरी करना स्वीकार किया तथा चोरी किए गए तार को रायपुर के उरकुरा स्थित सृष्टि मेटालिक में बेचने की जानकारी दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी का तार खरीदने वाले पप्पू कोल के कब्जे से पूरा माल बरामद किया।
मामले में चोरी में संलिप्त आरोपियों एवं चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- अविनाश थवाईत उर्फ मोटू, खोखरा, थाना जांजगीर
- दीपांशु कूड़ापे उर्फ चिकी, उरकुरा
- सनी सिंह, उरकुरा
- राजेन्द्र कुमार उर्फ चाचा उरकुरा
- पप्पू कोल उरकुरा शीतलापारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर
- उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक के.पी. सिंह थाना प्रभारी शिवरीनारायण, सउनि संतोष बंजारे तथा आरक्षक शिवरायसागर, प्रवीण साहू, खुरेन्द्र शुक्ला, पतिराम यादव, बलराम यादव, रामकुमार कश्यप, यशवंत पाटले एवं थाना शिवरीनारायण स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
