सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी
हुआ सफल उपचार, आयुष्मान कार्ड से खर्च की चिंता हुई दूर
जांजगीर-चांपा जिले के विकासखंड बलौदा अंतर्गत ग्राम कोलिहादेवरी निवासी श्री भरतलाल निर्मलकर के लिए बीमारी का समय चिंता और परेशानी से भरा था। गंभीर टाइफाइड, बुखार और घुटनों में दर्द की समस्या के चलते उन्हें उपचार की आवश्यकता पड़ी। ऐसे समय में उनका आयुष्मान कार्ड उनके लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया। भरतलाल निर्मलकर ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ने पर उन्होंने निजी अस्पताल में उपचार कराया। बीमारी के दौरान इलाज का खर्च उनके परिवार के लिए चिंता का कारण बन सकता था, लेकिन आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार का खर्च आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत वहन होने से उन्हें आर्थिक बोझ की चिंता नहीं करनी पड़ी। निजी अस्पताल में उनका उपचार सफलतापूर्वक हुआ। समय पर मिले उपचार और आर्थिक सहायता से उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिला और परिवार को भी बड़ी राहत मिली। आज वे स्वस्थ होकर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा मानते हैं। निर्मलकर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, मेरा इलाज निजी अस्पताल में हुआ और मुझे किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज का खर्च वहन होने से मुझे बहुत बड़ी मदद मिली। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आयुष्मान योजना के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और उनके अनुभवों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। भरतलाल निर्मलकर की कहानी इस बात का उदाहरण है कि कठिन स्वास्थ्य परिस्थितियों में आयुष्मान भारत योजना पात्र परिवारों के लिए उपचार के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
